बड़ौत। बड़ौत-कोताना मार्ग पर एक बार फिर से परिवहन सेवाएं ठप पड़ी हैं। इसके चलते 15 से अधिक गांवों के लोगों को डग्गामार वाहनों में दोगुना किराया देकर सफर करना पड़ रहा है। उन्होंने जल्द से जल्द मार्ग पर रोडवेज बसों का संचालन कराने की मांग की।
बड़ौत-कोताना मार्ग पर पड़ने वाले गांवों में बोहला, कोताना, जागोस, जौनमाना, ढिकाना, लुहारी आदि सहित 15 से अधिक गांवों के सैकड़ों यात्री रोजाना नगर में आवागमन करते हैं, लेकिन इस मार्ग पर नियमित रूप से बसों का संचालन नहीं होता। इस समय लगभग दो माह से इस मार्ग पर बसों का संचालन बिल्कुल बंद है। इसके चलते रूट पर डग्गामार वाहनों का कब्जा हो गया है। डग्गामार चालक यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे दोगुना किराया वसूल रहे हैं। यात्रियों में संजीव, जयवीर, अंकुर, गोल्डी, जयप्रकाश, सुधीर आदि ग्रामीणों ने बताया कि बस के लिए कई बार रोडवेज अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। इसको लेकर लोगों में रोष व्याप्त है।
- डग्गामार वाहन चालकों की बढ़ी मनमानी
इस मार्ग पर बसों का संचालन बंद होने से डग्गामार वाहनों की मनमानी बढ़ गई है। वाहनाें में यात्रियों को भरकर ले जाया जाता है। यदि कोई यात्री विरोध करता है तो उसे बीच रास्ते में उतार दिया जाता है। इसके अलावा यात्रियों को बैठाने को लेकर डग्गामार वाहन चालकों में मारपीट होना अब आम बात हो गई है।
वर्जन- यात्रियों की कमी की वजह से फिलहाल एक बस का संचालन किया जा रहा है, यदि जरूरत पड़ी तो अन्य बसे भी बढ़ाई जाएगी। - प्रमोद कुमार बस संचालन प्रभारी बड़ौत डिपो।