बड़ौत। शीतलहर और कोहरे के कारण आमजन की कंपकंपी छूट रही है। वहीं रोडवेज के अधिकारियों की आय प्रभावित होने से पसीने छूट रहे हैं। सर्दी और कोहरे के चलते हर रोज दो लाख रुपये की आय में गिरावट आ रही है। यात्रियों के अभाव में बसें खाली दौड़ रही हैं। साथ ही कोहरे होने के चलते संचालन प्रभावित हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि बड़ौत डिपो में निगम की 57 और अनुबंधित 48 बसें हैं। अधिकांश बसें लोकल व लंबे रूटों पर चल रही हैं। अब जनवरी माह के शुरुआत में शीतलहर बढ़ती जा रही है। इस कारण लोग बसों में सफर करने से कतरा रहे हैं।
लोकल से लेकर लंबे रूटों तक बसें यात्रियों के अभाव में खाली दौड़ रही है। दिल्ली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, हरिद्वार, लखनऊ, अलीगढ़ आदि मार्गों पर कोहरे के चलते बसों का संचालन सही तरीके से नहीं हो पा रहा है।
इस कारण हर रोज दो लाख रुपये की आय कम हो रही है। इसे लेकर अधिकारी खासे परेशान हैं। एआरएम रामदास ने बताया कि कोहरे व ठंड के कारण यात्री घरों से कम निकल रहे हैं, जिस कारण राजस्व पर विपरीत प्रभाव पड़ा है।