बागपत। यमुना और हिंडन नदी में बाढ़ की आशंका के चलते किनारे 12 बाढ़ नियंत्रण चौकी और दो बाढ़ नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं।
जिले में यमुना किनारे टांडा, नांगल, कूड़ी, छपरौली, जागौस, कोताना, शबगा, बदरखा, लुहारी, फैजपुर निनाना, नैथला, बागपत, काठा, पाली, सुल्तानपुर हटाना, खेड़ा इस्लामपुर, मवीकलां, साकरौंद, सुभानपुर आदि गांव हैं। हिंडन के किनारे बरनावा, गल्हैता आदि पांच गांव हैं। मानसून के के चलते दोनों नदियों में बाढ़ से बचाव के लिए काम शुरू करा दिए गए हैं। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता उत्कर्ष भारद्वाज ने बताया कि दोनों नदियों के किनारे बाढ़ नियंत्रण चौकियों और बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित करा दिए हैं। नदियों के किनारे गांवों में मुनादी कराकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। हिंडन नदी किनारे बिनौली थाना, बरनावा पुलिस चौकी, बामनौली पुलिस चौकी, रटौल पुलिस चौकी, बालैनी थाना, चांदीनगर थाना, जबकि यमुना नदी किनारे छपरौली थाना, प्राइमरी पाठशाला जागौस, पंचायत चौपाल कोताना, तहसील खेकड़ा, तहसील बागपत बाढ़ नियंत्रण चौकी बनाई गई हैं। कलक्ट्रेट और सिंचाई विभाग कार्यालय में बाढ़ नियंत्रण कक्ष बनाया गया है।