बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पाली गांव के पास डिवाइडर से बाइक टकराने से बाइक सवार भाई-बहन घायल हो गए। जीटीबी अस्पताल में युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी बहन की हालत गंभीर बनी हुई है।
दिल्ली के जौहरीपुर के रहने वाले अजय पुत्र राममेहर ने बताया कि उसका चचेरा भाई मोनू (30) पुत्र मदनपाल अपनी बड़ी बहन गुड्डन शनिवार को सरूरपुरकलां गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे हाईवे पर पाली गांव के सीएनजी पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, तभी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में मोनू और गुड्डन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिसकर्मियों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। बताया कि जीटीबी अस्पताल में मोनू को मृत घोषित कर दिया। उधर उसकी बहन गुड्डन की हालत गंभीर बनी हुई है।
ट्रक खेत में पलटा, चालक और परिचालक घायल
बड़ौत। पॉउडर से भरे बोरे लेकर हरिद्वार जा रहा एक ट्रेलर सामने से आ रहे वाहन को बचाने के फेर में खेत में पलट गया। घटना रविवार सुबह बावली से लहोड्ड़ा जाने वाले रजबहे की पटरी पर अंडरपास के समीप हुई। अलवर से एक ट्रक को लेकर चालक बिजेंद्र व परिचालक अंकित हरिद्वार के लिए जा रहे थे। ट्रक में पत्थरों से तैयार हुआ पॉउडर भरा हुआ था। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से लहोड्ड़ा की ओर जाने वाले रजबहे की पटरी पर मुड़े तो सामने से काफी संख्या में अन्य वाहन भी आ रहे थे। इन वाहनों को बचाने के चक्कर में ट्रक खेत में पलट गया। इस दुर्घटना में चालक व परिचालक घायल हो गए। खेत में पॉउडर के बोरे बिखर गए जिन्हें किसी तरह बाहर निकालने का कार्य किया जा रहा था।