दोघट। निरपुड़ा गांव में तूफान से हाईटेंशन विद्युत लाइन के तार टूटकर मकानों पर गिर गए। बड़ी दुर्घटना होते बाल बाल बच गई।
निरपुड़ा गांव के बीच से होकर हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। जो काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी है। शनिवार की सुबह करीब तीन बजे आई तेज आंधी में जर्जर तार आपस में टकरा गए। तेज धमाके के साथ तार टूटकर सतवीर, शेखर, ओमपाल आदि के मकानों पर आ गिरे। गनीमत यह रही कि तार गिरते समय विद्युत सप्लाई बंद हो गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर तारों को बदलने की काफी समय से मांग की जा रही है लेकिन कोई सुनने को ही तैयार नहीं है। प्रधान सूबेदार प्रताप सिंह ने बताया कि तार टूटने की सूचना निरपुड़ा बिजलीघर पर सवेरे ही दे दी गई थी। बताया कि गनीमत रही कि उस समय कोई घर से बाहर नहीं था वरना बड़ा हादसा हो सकता था।