ग्राम रटौल में हुई मारपीट में घायल छात्र अरिवंद शर्मा
- फोटो : KAHKRA
छात्रों में चले ईंट पत्थर, एक युवती समेत छह छात्र घायल
बागपत, खेकड़ा। ग्राम रटौल स्थित संत मेरी इंटर कालेज के छात्रों के दो गुटों में वर्चस्व को लेकर हुई मारपीट में एक छात्रा सहित छह छात्र घायल हो गए। पुलिस ने चार छात्रों को हिरासत में ले लिया है। ग्राम लहचौड़ा के ग्रामीणों ने रटौल पुलिस चौकी पर पहुंचकर जमकर हंगामा कर आरोपी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्राम लहचौड़ा निवासी अरविंद शर्मा ग्राम रटौल स्थित सेंट मेरी इंटर कॉलेज में 11वीं में पढ़ता है। शनिवार को क्लास में उसकी ग्राम विनयपुर के रहने वाले एक छात्र से शर्ट के बटन खोलने को लेकर कहासुनी हो गई थी। छुट्टी होने पर कॉलेज के बाहर दोनों पक्षों के छात्रों के बीच ईंट, पत्थर चले। इसमें एक पक्ष का अरविंद, एकता, तन्नी यादव और दूसरे पक्ष के ग्राम रटौल के रहने वाले अबीर, दानिश और शहजाद घायल हो गए। जबकि विनयपुर के छात्र मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर लहचौड़ा के ग्रामीणों ने रटौल पुलिस चौकी पर पहुंचकर जमकर हंगामा कर आरोपी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों पक्षों के चार छात्रों को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि छात्र अरविंद ने आरोपी छात्रों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।