बागपत। बोल-बम, बम-बम के जयकारों के साथ जिले से कांवड़ियों के जत्थे हरिद्वार के लिए रवाना होने शुरू हो गए हैं।
कोरोना संक्रमण के कारण दो साल स्थगित रही कांवड़ यात्रा को लेकर इस बार श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। जहां पिछले कई दिनों से प्रशासनिक अधिकारी पुरा गांव के भगवान परशुरामेश्वर महादेव मंदिर व कांवड़ मार्गों पर व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं। वहीं हरिद्वार कांवड़ लेने जाने से पहले शनिवार रात को कांवड़िये शहर में डीजे पर धार्मिक गानों पर थिरकते नजर आए। बागपत के अलावा सिसाना, गौरीपुर, अग्रवाल मंडी टटीरी, नया गांव उर्फ हमीदाबाद समेत अन्य गांवों से कांवड़िये हरिद्वार के लिए रवाना हुए। बागपत के यमुना रोड निवासी सोनू, अभिजीत, विकास, राकेश आदि ने बताया कि कई सालों से हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे हैं। भगवान भोलेनाथ की भक्ति से हर मनोकामना पूरी हो जाती है।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर लगने लगे कांवड़ शिविर
हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले कांवड़ियों की सेवा के लिए दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के अलावा जगह-जगह कांवड़ शिविर लगने शुरू हो गए। रविवार को गुफा मंदिर के पास लगने वाले कांवड़ शिविरों को लगाने का कार्य किया गया। कुछ शिविरों में कांवड़ियों के लिए आराम के साथ खानपान की व्यवस्था भी कराई गई। शिव कांवड़ सेवा समिति के संचालक नरेश का कहना है कि 21 से 26 जुलाई तक शिविर चलेगा।