संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। छपरौली के रिटायर्ड फौजी ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय पर शुगर मिल में नौकरी लगवाने के नाम पर 4.35 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया। रिटायर्ड फौजी ने भाजपा कार्यालय में पहुंचकर शिकायत की। पूर्व जिलाध्यक्ष ने आरोप को निराधार बताते हुए भाजपा के कुछ नेताओं पर साजिश रचकर बदनाम करने का आरोप लगाया।
छपरौली की पट्टी धनकोशिया में रहने वाले जयवीर सिंह ने बताया कि ककौरकलां निवासी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय ने रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर उससे साढ़े तीन लाख रुपये लिये थे, लेकिन छह महीने बाद भी नौकरी नहीं लगने पर रुपये वापस कर दिए गए। आरोप लगाया कि इसके बाद पूर्व जिलाध्यक्ष ने उससे रमाला शुगर मिल में स्थायी नौकरी लगवाने के नाम पर उससे 4.35 लाख रुपये लिए। एक साल बाद भी नौकरी नहीं लगने पर उन्होंने रुपये वापस मांगे तो जेल भिजवाने की धमकी दी। उन्होंने जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर का कहना है कि छपरौली के व्यक्ति ने शिकायती पत्र दिया था, जिसकी सच्चाई का पता कराया जाएगा।
----
छवि खराब करने की साजिश
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय ने कहा कि मैंने कभी किसी से किसी काम के लिए रुपये नहीं लिये। मेरी छवि खराब करने की साजिश रचकर यह आरोप लगाए गए हैं। इसमें भाजपा के छपरौली क्षेत्र के कुछ नेता शामिल हैं, जिन पर आए दिन रुपये हड़पने के आरोप लगते रहे हैं। इस मामले में गहनता से जांच होनी चाहिए, जिससे सबकुछ साफ हो। अगर आरोप गलत मिलते हैं तो इस तरह के आरोप लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।