खेकड़ा। रटौल कस्बे में भाजपा अल्पसंख्यक युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष मार्फत राव को दो पक्षों के झगड़े में बीच बचाव कराने पर जान से मारने की धमकी दी गई। तहरीर मिलने पर पुलिस ने इरशाद, आसू और इकरार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। भाजपा अल्पसंख्यक युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष मार्फत राव ने बताया कि 17 अक्तूबर को कस्बे में एक व्यक्ति केे पास गया था, तभी रास्ते में दो लोग आपस में झगड़ा करते हुए मिले। उसने लोगों को समझा-बुझाकर झगड़ा शांत कराया और वहां से भेज दिया। इसके बाद कुछ लोगों ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी। भाजपा नेता ने हमला होने का खतरा भी जताया। इस मामले में जांच अधिकारी ने बताया कि धमकी देने के मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद