पिलाना सीएचसी में चिकित्सक के इंतजार में परेशान बैठे मरीज
- फोटो : BAGHPAT
अमीनगर सराय (बागपत)। भाजपा जिला उपाध्यक्ष अश्वनी त्यागी पर पिलाना सीएचसी पर तैनात महिला चिकित्सक के साथ अभद्रता करने और धमकी देने का आरोप लगा है। सिंघावली अहीर थाने पर शिकायत देने के बाद भी मामले में कार्रवाई नहीं होने पर चिकित्सक और कर्मचारी कार्य छोड़कर थाने में जाकर बैठ गए। सीओ, तहसीलदार ने सीएचसी जाकर जांच की और रिपोर्ट दर्ज कराई।
पिलाना सीएचसी पर तैनात महिला चिकित्सक ने बताया कि वह शुक्रवार को अपने कक्ष में एक गर्भवती महिला को लेकर आशा पुष्पा त्यागी व शारदा त्यागी से बात कर रही थी। तभी पिलाना गांव के भाजपा नेता अश्वनी त्यागी पहुंचे और उनकी कुर्सी से सटकर खड़े हो गए। उनको मरीज दिखाने के लिए पर्ची बनवाकर लाने के लिए कहा तो वह अभद्रता करने लगे।
आरोप है कि भाजपा नेता कहा कि उनको देखकर वह अपनी कुर्सी से क्यों नहीं उठी। इसके बाद वह धमकी देते हुए बाहर चले गए। इस मामले में शुक्रवार शाम को थाने में शिकायत देने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई, तो स्वास्थ्य सेवाओं को बंद करके चिकित्सक व कर्मचारी थाने में पहुंच गए। विवाद बढ़ता देखकर सीओ देवेंद्र शर्मा, तहसीलदार प्रसून कश्यप सीएचसी में पहुंचे और वहां सभी के बयान दर्ज करने के बाद भाजपा नेता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
सीओ देवेंद्र शर्मा ने बताया कि मामले की जांच हो रही है। उधर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अश्वनी त्यागी का कहना है कि सभी आरोप निराधार हैं। वहां उनका व पत्नी का उत्पीड़न किया है और उनके साथ ही धक्कामुक्की की गई है।
इन धाराओं में दर्ज हुई रिपोर्ट
भाजपा जिला उपाध्यक्ष अश्वनी त्यागी पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाना, गाली-गलौज की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई है। जबकि इसके बाद विवेचना में बयान के आधार पर छेड़छाड़ की धारा जोड़ने की बात कही है। पुलिस इस मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।
सिंघावली अहीर थाने में इस्पेक्टर क्राइम इंद्रपाल सिंह से शिकायत करते चिकित्सक- फोटो : BAGHPAT