बिनौली फाटक रेलवे क्रासिंग पर लगा जाम
बड़ौत। बिनौली रोड रेलवे क्राॅसिंग व ओवरब्रिज का निर्माण कार्य लोगों के लिए जी का जंजाल बना है। आए दिन ट्रेन आने से काफी समय पूर्व फाटक बंद करने पर बिनौली रोड पर दोनों ओर लंबी कतारें लग जाने के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। ओवरब्रिज के निर्माण के चलते वाहन चालकों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
बिनौली रोड रेलवे क्राॅसिंग पर रविवार को फाटक बंद होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वाहन ही नहीं पैदल निकलना मुश्किल हो गया। मुश्किल ओवरब्रिज के निर्माण के चलते ओर बढ़ गई है। रविवार को फाटक बंद हो जाने व ओवरब्रिज के कार्य के चलते दो घंटे तक लगे इस जाम में लोग फंसे रहे। जाम लगने के कारण स्थानीय पुलिस प्रशासन भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। कोतवाली प्रभारी ने कहा कि क्राॅसिंग पर जाम लगने की उन्हें जानकारी है, इसके लिए वे ठोस कार्रवाई करने की योजना बना रहे हैं।
स्टेशन अधीक्षक सुधीर शर्मा ने बताया कि क्राॅसिंग सही समय पर बंद होता है, लेकिन वाहन चालक अपनी साइड में वाहन न ले जाकर दूसरी साइड में वाहन ले जाते हैं। ओवरब्रिज के निर्माण के चलते लगने वाले जाम व ट्रेन के समय को देखते हुए फाटक बंद की जाती है, क्योंकि कई बार वाहन चालक रुकते नहीं है और हादसे की संभावना बढ़ जाती है।