बागपत। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष बनने पर भूपेंद्र चौधरी पांच नवंबर को पहली बार बागपत आएंगे। निकाय चुनाव से ठीक पहले उनके बागपत आने पर टिकट के सभी दावेदार कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गए हैं। क्योंकि उनका बागपत में रोड शो होगा और वह सभा को संबोधित करेंगे।
सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह के अनुसार पांच नवंबर को सुबह करीब दस बजे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी राष्ट्र वंदना चौक पर पहुंचेंगे। जहां उनका स्वागत किया जाएगा और वह शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद रोड शो निकाला जाएगा जो शौकत मार्केट से शुरू होकर बड़ा बाजार, कोर्ट रोड से होते हुए सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज के मैदान पर खत्म होगा। सांसद प्रतिनिधि प्रदीप ठाकुर ने बताया कि डिग्री कॉलेज के मैदान पर प्रदेशाध्यक्ष एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
--
निकाय चुनाव में जीत का मंत्र देंगे प्रदेशाध्यक्ष
प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के बागपत आने को निकाय चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। वह पदाधिकारियों से बातचीत भी करेंगे और उनको निकाय चुनाव में जीत का मंत्र भी देंगे। वहीं नगर पालिका चुनाव के लिए टिकट की दावेदारी करने वाले नेता भी इस कार्यक्रम की पूरी तैयारी में जुट गए हैं।