पशु चोरी में इस्तेमाल गाड़ी को पुलिस ने पकड़ा
बिनौली। जनपद के अलग अलग गांव से पशुओं को चोरी करके लादकर ले जाने वाली गाड़ी को बिनौली पुलिस ने मंगलवार की रात्रि दाहा बरनावा मार्ग पर पीछा करते हुए पकड़ लिया है। इस दौरान पशु चोर में फरार हो गये।
क्षेत्र के गांव बिजवाड़ा, गलेहता, बड़ावद, बुढेड़ा व सहित कई गांवों में हाल में ही पशु चोरी की कई घटनाएं हुईं हैं। रमाला थाना क्षेत्र के करीमपुर गांव से भी पशु चोर कई पशु चोरी करके ले गये थे। पुलिस की छानबीन में एक सीसीटीवी फुटेज में पिकअप गाड़ी आयी थी। जिसमें पशु चोर पशुओं को भरकर ले जा रहे थे। मंगलवार की रात्रि बरनावा पुलिस चौकी पर इंस्पेक्टर पुलिस फोर्स के साथ चेकिंग कर रहे थे। उसी समय एक पिकअप गाड़ी आयी जिसे पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय दाहा की ओर दौड़ा ली। पुलिसकर्मियों ने पीछा किया तो आरोपी दो युवक चंदायन मोड़ के पास गाड़ी को छोड़कर जंगलों में फरार हो गए, उनकी तलाश में पुलिस ने जंगलों व बरनावा गांव में घंटों तक कांबिंग की लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। इंस्पेक्टर विरजाराम ने कहा कि प्रथम दृष्टया जांच में प्रतीत हुआ है पशु चोर पशु चोरी करके इसी गाड़ी से ले जाते थे। मामले की जांच की जा रही है।