बागपत। दस साल पहले दिल्ली के ईंट भट्ठा मालिक प्रवीण मित्तल के अपहरण के मुकदमे में कुख्यात राहुल खट्टा के पिता किशन सिंह की जमानत याचिका पर न्यायालय में सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जमानत खारिज कर दी।
जिला शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि दिल्ली के रहने वाले श्यामलाल मित्तल ने आठ अगस्त 2014 को खेकड़ा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें आरोप लगाया कि उसका भाई प्रवीण मित्तल खेकड़ा में बड़ागांव रोड पर ईंट भट्ठे पर गया था। वहां से लौटते हुए उसके भाई का रास्ते में बदमाशों ने अपहरण कर लिया। उसके बाद फोन कर पांच करोड़ रुपये की फिरोती मांगी गई थी। कई दिन बाद कारोबारी प्रवीण मित्तल को मेरठ में छोड़ दिया गया। इसमें पुलिस ने कुख्याल राहुल खट्टा और उसके पिता समेत अन्य बदमाशों के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया।
इस प्रकरण में कुख्यात राहुल खट्टा के पिता किशन सिंह को 27 जुलाई को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। जेल में बंद किशन सिंह ने जिला एवं सत्र न्यायालय में जमानत याचिका दायर कराई। जिसका जिला शासकीय अधिवक्ता राहुल नेहरा ने विरोध किया। सुनवाई के बाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय कुमार मलिक ने जमानत याचिका खारिज कर दी।