बड़ौत के मलकपुर गांव से लापता युवक को बरामद करने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने कोतवाली में हंगामा किया। युवक की बरामदगी को ग्रामीण कोतवाली में धरना देकर बैठ गए। हालांकि बाद में सीओ द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीण वहां से लौट गए।
मलकपुर गांव निवासी युवक अमन पुत्र स्वर्गीय निरमेश को गत 24 अगस्त को उसका एक दोस्त घर से बुलाकर ले गया था, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी न तो युवक अमन घर लौटा और न ही उसका दोस्त ने परिजनों का फोन रिसीव किया।
इधर-उधर तलाश किएं जाने के बाद जब युवक का कहीं पता नहीं चला तो लापता युवक अमन के चचेरे भाई अजय पुत्र संघर्षपाल ने कोतवाली में तहरीर देकर घर से अमन को बुलाकर ले जाने वाले दोस्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। फिलहाल इस मामले में कोतवाली पुलिस व एसओजी टीम ने अमन को घर से बुलाकर ले जाने वाले उसके दोस्त को हिरासत में ले रखा है।
बताया जा रहा है कि अमन की हत्या कर दी गई है, हत्या में खामपुर गांव निवासी अमन का रिश्तेदार भी शामिल है और हत्या कर शव को किसी नहर में फेंक दिया गया है, लेकिन अभी तक शव नहीं मिला, जिस कारण अभी हत्या की पुष्टि नहीं हो सकी है।
सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि जल्दी पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है