उत्तर प्रदेश के बड़ौत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रविवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब बाजार में सामान खरीदने जा रहीं दो युवतियों से मनचलों ने छेड़छाड़ कर दी। युवतियों की आवाज सुनकर लोग उधर दौड़े और इसकी सूचना पुलिस को दी। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, तो मनचले भागने लगे लेकिन पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया और उन्हें पकड़कर कोतवाली ले गई।
जानकारी के अनुसार रविवार को नगर की एक कॉलोनी की दो युवतियां छपरौली चुंगी से होते हुए बाजार में सामान खरीदने के लिए जा रहीं थीं। जैसे ही दोनों ही छपरौली चुंगी के पास पहुंचीं, तो बाइक सवार दो मनचलों ने उनका पीछा किया और बाइक उनके साथ-साथ साइड में लाकर चलते रहे। इस दौरान युवकों ने युवतियों के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
यह देख युवतियों ने शोर मचा दिया, तो वहां पर काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पहुंची, तो युवतियों व लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और हंगामा किया।
मामला बढ़ता देख पुलिस दो युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंच गई। सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर आने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।