बागपत जनपद के लुहारी गांव में रहने वाले एक किसान के किश्त जमा न कर पाने के कारण एजेंसी कर्मचारी उसका ट्रैक्टर उठाकर ले गए। बताया कि किसान का बकाया गन्ना भुगतान अटका हुआ है। जिस कारण वह अपने ट्रैक्टर की एक किश्त जमा नहीं कर पाया। शनिवार को एजेंसी वाले ट्रैक्टर उठाकर ले आए। जिसकी शिकायत करने के लिए किसान कलक्ट्रेट पहुंचा।
शनिवार को कलक्ट्रेट पहुंचे लुहारी गांव के रहने वाले राजीव ने बताया कि उसने कुछ समय पहले एक एजेंसी से ट्रैक्टर निकलवाया था। मलकपुर मिल से गन्ना भुगतान नहीं मिलने के कारण वह अपने ट्रैक्टर की एक किश्त जमा नहीं कर पाया। शनिवार की सुबह एजेंसी संचालक व अन्य लोग उसके घर पहुंचे और परिवार वालों के साथ जबरदस्ती कर ट्रैक्टर खींच लाये।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: हाजी याकूब कुरैशी और बेटा इमरान दिल्ली से गिरफ्तार, कोर्ट में पेश कर भेजे जेल
उन्होंने 14 जनवरी तक किश्त जमा करने की बात भी कहीं, लेकिन एजेंसी वाले नहीं माने। किसान ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर उठाकर लाने वालों में एक भी फाइनेंस कर्मचारी शामिल नहीं था। उधर, डीएम के तहसील दिवस में होने के कारण किसान तहसील दिवस में शिकायत करने चला गया।
खेत में काम अटका
किसान राजीव ने बताया कि एजेंसी वाले उसका ट्रैक्टर उठाकर ले आये, जिसकी पूरी घटना मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कैद है। ट्रैक्टर की वजह से उसके खेत में काम अटक गया है।