सरूरपुरकलां गांव के जंगल में ईंट भट्ठे पर बृहस्पतिवार रात चारपाई पर सो रहे मजदूर अकबर के हाथ की अंगुली में सांप ने डस लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिवार वालों ने जिला अस्पताल में उपचार कराया, जहां चिकित्सकों ने एंटी स्नैक वेनम के 10 इंजेक्शन लगाकर उसकी जान बचाई।
मुजफ्फरनगर जिले के लुसाना गांव निवासी अकबर ने बताया कि अपने परिवार के साथ बागपत के सरूरपुरकलां गांव के जंगल में स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है। बृहस्पतिवार रात मजदूरी करने के बाद झुग्गी के बाहर चारपाई पर सो गया था और उसका एक हाथ चारपाई से नीचे लटक रहा था।
देर रात एक सांप वहां आया और चारपाई से नीचे लटक रहे हाथ की अंगुली में डस लिया। सांप के डसने पर वह नींद से जाग गया और हाथ झटक दिया। इससे सांप भी ईंट भट्ठे पर कहीं चला गया। थोड़ी देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिवार वाले जिला अस्पताल लेकर आए। वहां पर चिकित्सकों ने एंटी स्नैक वेनम के इंजेक्शन लगाए। चिकित्सक शादाब का कहना है कि अकबर को एंटी स्नैक वेनम के 10 इंजेक्शन लगाए गए। उनकी हालत में सुधार है, अब उन्हें निगरानी में रखा गया है।