घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म का प्रयास करने वाले आरोपी से तीन बहनें भिड़ गईं। तीनों ने आरोपी को कमरे में बंद कर शोर मचा दिया और फिर वहां पहुंची पुलिस को सौंप दिया। तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में शिकायतकर्ता ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला समीर उसकी भतीजी को अकेली देखकर घर में घुस गया और दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। उसके शोर मचाने पर दो बहनें भी वहां आ गईं। विरोध करने पर समीर ने उसकी भतीजी के साथ मारपीट की। इसके बाद तीनों बहनों ने मिलकर समीर को कमरे में बंद कर शोर मचा दिया। परिवार के अन्य सदस्य भी वहां आ गए और पुलिस को बुलाकर आरोपी को सौंप दिया गया। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।