बागपत। बली गांव में एक युवक पर कार चढ़ाने का प्रयास करने और परिजनों के विरोध जताने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
किसान धर्मवीर ने बताया कि उनका बेटा अमित दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। वह बुधवार देर शाम ट्रेन से दिल्ली से बागपत रोड स्टेशन पर पहुंचने के बाद पैदल घर आ रहा था। आरोप है कि रास्ते में अमित के ऊपर पड़ोस के एक युवक ने कार चढ़ाने का प्रयास किया। इस बारे में अमित ने घर पहुंचकर बताया और वह अपने दूसरे बेटे पवन के साथ मिलकर आरोपी युवक के पास पहुंचे और उससे बातचीत की। आरोप है कि उस युवक ने अपने तीन साथियों संग मिलकर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। वहां बीच बचाव करने आए उनके चाचा सेना के सेवानिवृत्त हवलदार धनपाल सिंह के साथ भी मारपीट की। जिससे वह घायल हो गए। आरोप है कि वहां तमंचे से हवाई फायरिंग कर जान से मारने की धमकी दी गई और उसके बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़ित पवन ने आरोपी कपिल, नवीन, पिंटू उर्फ कल्लू समेत चार युवकों के खिलाफ बागपत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने कहा कि इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। संवाद