- व्हाट्स एप पर फोटो लगाकर लोगों को मैसेज करके रुपये मांगे, शक होने पर लोगों ने एमडी को किए फोन
- एमडी ने बताया कि उन्होंने किसी से नहीं मांगे रुपये, उनके नाम पर ठगी का किया जा रहा प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सहकारी समिति नौरोजपुर गुर्जर के एमडी (प्रबंध निदेशक) का व्हाट्स एप पर फोटो लगाकर 50 लोगों से ठगी का प्रयास किया गया। उन सभी के पास मैसेज भेजकर रुपये मांगे गए। लोगों ने एमडी को फोन करके इस बारे में बताया तो उन्होंने इस तरह किसी से रुपये मांगने से इंकार कर दिया।
नौरोजपुर गुर्जर गांव की सहकारी समिति के एमडी सुनील दीक्षित ने बताया कि एक अज्ञात नंबर पर व्हाट्स एप चलाया गया और उसपर उनका फोटो लगाया गया। इसके बाद उनके परिचित लोगों के पास मैसेज भेजकर रुपयों की मांग की गई। किसी से पांच हजार रुपये मांगे गए तो किसी से दस हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। सुनील दीक्षित ने बताया कि उनके पास परिचितों के फोन आने शुरू हुए और उन्होंने बताया कि इस तरह से उनका फोटो लगाकर रुपये मांगे जा रहे है। सुनील दीक्षित ने इस तरह किसी से रुपये मांगने से इंकार कर दिया और उन सभी लोगों से कहा कि वह किसी को उनके नाम पर रुपये नहीं दे। उन्होंने इस संबंध में बुधवार को पुलिस में शिकायत करने की बात कही है।
अनिश्चितकालीन बहिष्कार का प्रस्ताव पास किया
बागपत। जिला बार एसोसिएशन के कार्यालय में मंगलवार को अधिवक्ताओं की बैठक हुई। जिसमें एक न्यायिक अधिकारी की कोर्ट का अनिश्चितकालीन बहिष्कार करने का प्रस्ताव पास किया गया। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय तोमर व महामंत्री संदीप ठाकुर ने बताया कि एक न्यायिक अधिकारी की कोर्ट में अधिवक्ताओं के साथ सही व्यवहार नहीं किया जा रहा है। इसलिए ही वह उनकी कोर्ट का बहिष्कार करेंगे और प्रस्ताव पास करके जिला एवं सत्र न्यायाधीश व हाईकोर्ट को उसकी सूचना भेजी गई है। संवाद