बागपत। नगर में पुराने कस्बे में भाजपा नेता का पोस्टर फाड़ने के विवाद में तीन चचेरे भाइयों पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर दिया। घायलों के पिता ने 13 नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुराने कस्बे के देशराज मोहल्ला के रहने वाले रामकुमार पुत्र श्रीचंद ने बताया कि उसके भतीजे सोनू का भाजपा के पूर्व नगर उपाध्यक्ष शेखर चौहान के साथ पोस्टर फाड़ने को लेकर विवाद हो गया था। जिसमें गण्मान्य लोगों ने समझौता करा दिया था। बुधवार शाम उसका बेटा अनमोल, भतीजा अजय व विजय जिम में गए हुए थे। आरोप लगाया कि शेखर अपने साथ 12-13 युवकों को लेकर वहां पहुंचा और उसके बेटे, भतीजों पर हमला कर दिया। जिससे अनमोल, अजय व विजय घायल हो गए और आरोपी वहां से भाग गए।
उधर कोतवाली प्रभारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर 13 नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिसमें आरोपी लवनीश को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
----
इनके खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट दर्ज
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तीन युवकों पर हमला करने के मामले में भाजपा नेता शेखर चौहान, सचिन, मन्नू, रितिक, शुभम उर्फ काला, सन्नी, मोनू, टीकू, आशु चौहान, लवनीश चौहान, पंकज चौहान, उदित चौहान, अमित चौहान व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।