बड़ौत। एक तरफ जहां गर्मी बढ़ रही है, वहीं दूसरी तरफ ओवरलोडिंग और जर्जर विद्युत लाइन के अलावा अघोषित विद्युत कटौती से बिजली उपभोक्ता बेहाल हो रहे हैं। मंगलवार की रात भी कई कालोनियों में बिजली सप्लाई बाधित रही। जिस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मंगलवार की शाम से शहर में शुरू हुई बिजली की आंख मिचौली, ट्रिपिंग का खेल पूरी रात चलता रहा। भगवान महावीर मार्ग, गांधी रोड, रामबाग कालोनी, बिनोली रोड, रेलवे रोड़, बिजरौल रोड, चरनसिंह विहार, शाहमल एनक्लेव में पूरी रात ट्रिपिंग के कारण लोग परेशान रहे। रात्रि में और बुधवार को भी मेंटीनेंस के नाम पर घंटों गुल होने वाली बत्ती से लोग काफी परेशान रहे। गर्मी बढ़ते ही घर, दफ्तर, फैक्ट्री इत्यादि में बिजली का भार भी बढ़ जाता है। नियमानुसार 24 घंटे बिजली आपूर्ति मिलनी चाहिए, लेकिन शहर में 16 घंटे और देहात में 13 घंटे सप्लाई दे रहे हैं। बिजली कटौती के चलते उपभोक्ताओं को गांव से लेकर कस्बा क्षेत्रों में दिन हो या रात एक बार बत्ती गुल होने के बाद घंटों बाद ही आती है।