बागपत। नगर पालिका के सीमा विस्तार की प्रक्रिया शुरू होते ही जिन गांवों को उसमें शामिल किया जाना है, उनके खाते खाली होने लगे हैं। सिसाना और पाली ग्राम पंचायत में रोजाना विकास कार्यों के लिए राशि निकाली जा रही है। इस वित्तीय वर्ष में अगस्त माह में सबसे ज्यादा राशि निकाली गई है। नया गांव हमीदाबाद में पंचायत के खाते में राशि जरूर है, लेकिन वहां अभी विकास कार्यों के लिए एस्टीमेट बनाए जा रहे हैं। वहीं जितने भी कार्य इस राशि से होने की बात कही जा रही है, उन सभी की जांच कराई जाएगी।
बागपत नगर पालिका के सीमा विस्तार को लेकर प्रक्रिया चल रही है। जिसमें पाली, सिसाना, नया गांव हमीदाबाद व निवाड़ा गांव के पुलिस लाइन व औद्योगिक क्षेत्र को नगर पालिका में शामिल करने का प्रस्ताव है। यह सीमा विस्तार अगले महीने तक होने की उम्मीद है और उसके बाद सिसाना, पाली, नया गांव हमीदाबाद नगर पालिका में शामिल हो जाएंगे।
इन गांवों में मार्च 2023 तक ही प्रधान विकास कार्य करा सकते हैं और नए वित्तीय वर्ष से नगर पालिका ही कार्य कराएगी। इसलिए ही यह सीमा विस्तार की प्रक्रिया शुरू होने के बाद पंचायतों के खाते से विकास कार्य कराने के लिए तेजी से रुपये निकाले जा रहे हैं।
इस तरह मिला बजट, ऐसे निकाले गए रुपये
सिसाना ग्राम पंचायत में वित्तीय वर्ष 2022-23 में 56 लाख 33 हजार 945 रुपये आए, जिनमें से 26 लाख 62 हजार 14 रुपये खर्च किए। इनमें से 9 लाख 59 हजार 962 रुपये अकेले अगस्त महीने में निकाले गए हैं। पाली ग्राम पंचायत में वर्तमान वित्तीय वर्ष में 19 लाख 7 हजार 680 रुपये आए, जिनमें से 13 लाख 58 हजार 738 रुपये खर्च किए। इनमें अगस्त माह में 8 लाख 82 हजार 431 रुपये निकाले गए है। नया गांव हमीदाबाद में इस वर्ष में 20 लाख 10 हजार 84 रुपये आए हैं और इनमें से दो लाख 60 हजार 530 रुपये खर्च किए। इनमें अगस्त महीने में एक लाख 18 हजार 285 रुपये निकाले गए हैं।
कोट...
यह जरूर है कि नगर पालिका के सीमा विस्तार की प्रक्रिया शुरू होने के बाद पंचायत के खाते से बजट निकाला जा रहा है। उसको विकास कार्यों में लगाया जा रहा है और नाली, खड़ंजों, तालाब खोदाई, मानदेय आदि में खर्च किया जा रहा है। वहीं जितने भी कार्य कराए जा रहे हैं, उन सभी की जांच होगी। जिससे किसी तरह की कोई गड़बड़ नहीं हो सके। - अमित त्यागी, डीपीआरओ