बिनौली। टूल किट मिलने से वंचित रहे अलग अलग कार्य करने वाले कारीगरों ने शनिवार को खंड विकास मुख्यालय बिनौली पर सीडीओ का घेराव किया।
जल जीवन मिशन के तहत शुक्रवार को ब्लॉक बिनौली पर प्लंबर, राजमिस्त्री, मोटर मैकेनिक, पम्प ऑपरेटर व फिटर का कार्य करने वाले कारीगरों को टूल किट का वितरण किया। संबंधित कार्य करने वाले कारीगरों का आरोप है टूल किट वितरण करने वाले लोगों ने किसी को प्रशिक्षण भी नहीं दिया। कार्य न करने वाले लोगों को किट का वितरण कर दिया। जब वह किट लेने पहुंचे तो उन्हें शनिवार को आने की बात कहकर लौटा दिया। किट लेने के लिए कारीगर लोग ब्लॉक मुख्यालय पर सुबह से 12 बजे तक बैठे रहे, लेकिन किट देने कोई नहीं आया।
सीडीओ विद्यानाथ शुक्ल व बीडीओ राजीव कुमार का कारीगरों ने घेराव कर किट उपलब्ध कराने की मांग की। अधिकारियों ने उन्हें किट दिलवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान भोपाल सैनी, राकेश, श्यामलाल, आमिर खान, देवेंद्र बरनावा, संजीव, मनोज, दिलदार, नीरज, कर्ण, अशोक, रोताश, आनंद, विजय, अमरपाल आदि कारीगर शामिल रहे।