नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से विकास कार्यों के प्रस्ताव पास हुए
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। टीकरी नगर पंचायत में 52 लाख रुपये से विकास कार्य कराए जाएंगे। बुधवार को आयोजित हुई बोर्ड बैठक में सड़क मरम्मत, निर्माण, पथ प्रकाश, पेयजल व्यवस्था बेहतर करने समेत छह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए। जिनकी निविदा प्रक्रिया पूरी कर जल्द कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
टीकरी नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में सभी कर वसूली ऑनलाइन करने, कस्बे की पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए खराब लाइटों की मरम्मत करने और नई लाइट लगवाने पर स्वीकृति दी गई। इसके अलावा कस्बे में विशेष सफाई अभियान चलाने, मच्छरों से बचाव के लिए कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव कराने, खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत, रिबोर और पाइपलाइन की लिकेज ठीक कराकर पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने पर स्वीकृति दी गई। बोर्ड बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत चेयरमैन सरिता देवी और संचालन अधिशासी अधिकारी मनीष चौधरी ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ लिपिक विनोद कुमार, सभासद कविता, सतेंद्र कुमार, बिट्टू, पारुल, पारस राठी, शीशपाल, विकास राठी, अंकित कुमार, रीता, गौरव शर्मा मौजूद रहे।