बड़ौत। दिगंबर जैन कॉलेज में राष्ट्रीय सांप्रदायिक सद्भावना सप्ताह मनाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम में निर्णय लिया कि घर-घर जाकर लोगों को आपसी एकता और सौहार्द बनाए रखने के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. आंचल जैन, डॉ रुचिका जैन, डॉ. अंशु एवं कार्यक्रम संचालक डॉ. नमिता जैन ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित करके किया। डॉ. अंशु ने छात्र-छात्राओं को बताया कि यह अभियान तभी सफल होगा जब सभी पूर्ण रूप से समाज के प्रति अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने में योगदान देंगे।
डॉ. रुचिका ने सभी को बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता की भावना का प्रचार-प्रसार करना है। डॉ. आंचल जैन ने बताया कि जब हम अपने साथ-साथ दूसरों के बारे में भी सोचते हैं तो हमारा स्वयं का आत्मबल मजबूत होता है। राष्ट्रीय स्वयंसेविकाओं ने शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं से धनराशि संग्रह की, जिससे अनेक प्रकार की हिंसा से प्रभावित निराश्रित बच्चों के सहयोग के रूप में जमा करा दिया जाएगा। मौके पर नमिता, प्रीति, तन्नु, पारुल, लक्ष्मी, कोमल, ऋषभ, आदिल, निशांत, शादाब मौजूद रहे।