बागपत/बड़ौत। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भले ही बड़ी घोषणा कोई नहीं की हो, लेकिन किसानों और युवाओं को वह खूब साधते रहे। वहीं लोकसभा चुनाव से पहले खूब विकास कराने का वादा भी किया। सीएम योगी आदित्यनाथ मौजिजाबाद नांगल और बड़ौत में करीब ढाई घंटे तक रहे और करीब 21 मिनट तक संबोधन किया। इन 21 मिनट में उन्होंने हर किसी की नब्ज टटोलने की कोशिश की, जिसमें चरण सिंह को भी कई बार याद किया।
सीएम ने कहा कि बागपत के गन्ना किसानों के चमत्कार को दुनिया देखेगी, क्योंकि यहां का गन्ना सबसे अच्छा है उसको सम्मान भी दिलाया जाएगा। यहां के होम फर्निशिंग उद्योग, खिलाड़ियों का लोहा भी दुनिया मान रही है। यहां के एक ही गांव से 27 युवा एक साथ पुलिस की नौकरी में जा रहे हैं तो यहां के कई खिलाड़ियों को अभी पुलिस में नौकरी दी गई है। सीएम ने लोगों को यह भी समझाने का प्रयास किया कि पिछली सरकारों में कभी ऐसा नहीं हुआ। अपनी सरकार में किस तरह से महिलाओं को सुरक्षा मिल रही है, यह भी अपने संबोधन में बताया। सीएम ने लोकसभा चुनाव से पहले दोबारा आकर यहां कई मांगों को पूरा करने और उनसे अलग भी कई कार्य कराने का वादा किया। इस तरह सीएम ने मौजिजाबाद नांगल से धर्म के सहारे लोगों की नब्ज टटोली तो बड़ौत के जनता वैदिक कालेज में योजनाओं व कार्यों के सहारे साधने का प्रयास किया।
-नारी मिशन शक्ति की झलक दिखी
जनता वैदिक डिग्री कॉलेज के मैदान पर आयोजित जनसभा में नारी मिशन शक्ति की झलक देखने को मिली। जहां काफी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। वहां कई ब्लॉक महिलाओं से भरे हुए थे।
-चौधरी चरण ने दिखाया गांव से विकास का रास्ता
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण की शुरुआत करते ही पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का नाम लेते हुए उदाहरण दिया कि उन्होंने ही गांव से देश के विकास का रास्ता दिखाया। वह कहते थे कि देश का विकास करने के लिए पहले गांव का विकास करना होगा और उसी राह पर पीएम नरेंद्र मोदी चल रहे हैं। सीएम ने कहा कि रमाला शुगर मिल चौधरी चरण सिंह की विरासत थी, लेकिन किसी ने उसपर ध्यान नहीं दिया। उनकी सरकार ने मिल का विस्तारिकरण कर चौधरी चरण सिंह को असली श्रद्धांजलि दी।
-जनसभा में यह रहे मौजूद
सीएम की जनसभा में सांसद डा. सत्यपाल सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, प्रभारी मंत्री जसवंत सिंह सैनी, मंत्री केपी मलिक, विधायक योगेश धामा, मोदीनगर विधायक मंजू सिवाच, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, पूर्व विधायक सहेंद्र सिंह रमाला, पूर्व विधायक साहब सिंह, लोकेश दीक्षित, जितेंद्र धामा प्रमुख आदि मौजूद रहे।