बागपत/रटौल। गोठरा गांव के अंकित बैंसला और लधवाड़ी गांव के रिपुदमन का यूपीएससी में चयन हुआ है। अंकित का परिवार दिल्ली और रिपुदमन का परिवार गाजियाबाद में रहता है। दोनों का यूपीएससी में चयन होने से गांव में भी खुशी का माहौल है। लोग उनको व परिवार वालों को बधाई दे रहे हैं।
मेरठ में इनकम टैक्स विभाग में इंस्पेक्टर हैं अंकित बैंसला
गोठरा गांव निवासी अंकित बैंसला का परिवार वर्ष 2008 से दिल्ली के वजीराबाद में रहता है।अंकित मेरठ में इनकम टैक्स विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं जबकि उनके पिता देवेंद्र एयर फोर्स से रिटायर अधिकारी हैं। वह फिलहाल दिल्ली में कैग में ऑडिटर के पद पर कार्यरत हैं। अंकित बैंसला को इनकम टैक्स में अच्छी नौकरी भले ही मिल गई थी, मगर वह यूपीएससी में जाना चाहते थे। इसके लिए वह नौकरी के साथ पढ़ाई करते रहे। वह रात में पढ़ाई करते थे और इसका ही परिणाम रहा कि अंकित बैंसला को यूपीएससी में 583वी रैंक मिली। उनके यूपीएससी में चयन होने पर गांव में खुशी का माहौल है।
परिवार का सपना पूरा किया रिपुदमन ने
लधवाड़ी गांव के रिपु दमन के फूफा संजय कुमार ने बताया कि रिपु का परिवार करीब बीस साल से गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रहता है। उनके पिता पीपी सिंह शिक्षक थे, जो कुछ साल पहले ही प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि परिवार का सपना था कि रिपु को बेहतर शिक्षा दिलाकर देश सेवा में आगे बढ़ाया जाए। जिसके लिए रिपु ने रुड़की आईआईटी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। उसके साथ ही वह यूपीएससी की तैयारी करने लगे। वह रोजाना करीब 15 घंटे तक पढ़ाई करते थे। परिणामस्वरूप उनका चयन यूपीएससी में हुआ और 977वीं रैंक आई। उन्होंने बताया कि रिपु की बड़ी बहन संघप्रिया दिल्ली में इनकम टैक्स कमिश्नर है और दूसरी बहन शालू दिल्ली में शिक्षिका है। रिपु का चयन होने पर परिवार में खुशी का माहौल है।