बागपत, अमीनगर सराय। बिजलीघर के ट्रांसफार्मर में फाल्ट आने से कस्बा अमीनगर सराय की बिजली आपूर्ति पांच घंटे तक ठप रही। बिजली सप्लाई ठप होने से लोगों को पेयजल और पशुओं के लिए चारा काटने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
कस्बे में पिछले कई दिनों से बिजली की अघोषित कटौती से लोग परेशान है। शनिवार की सुबह लगभग साढ़े आठ बजे कस्बे के बिजलीघर के 400 केवीए और दस एमवीए के ट्रांसफार्मर में फाल्ट आने से कस्बे की बिजली गुल हो गई और दोपहर डेढ़ बजे तक गुल रही। पांच घंटे तक आपूर्ति बंद होन के कारण लोगों को गर्मी में बुरा हाल हो गया। लोगों को पेयजल और पशुओं का चारा काटने के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ा। एसडीओ नरेश कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर में फाल्ट आने के कारण आपूर्ति बाधित हो गई थी। फाल्ट ठीक कराकर दोपहर में सप्लाई शुरु करा दी है। कस्बे के नितिन यादव, अभिषेक, हरिमोहन ने बताया कि कस्बे में अघोषित कटौती और लो वोल्टेज के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कस्बे की बिजली आपूर्ति सही कराने की मांग की है।