एंबुलेंस चालक ने खुद को गोली से उड़ाया
बागपत। सरूरपुर कलां गांव में 108 एंबुलेंस के चालक ने खुद को तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
सरूरपुर कलां निवासी सोनू उर्फ कुलदीप पुत्र सुरेंद्र सिंह कई वर्षों से 108 एंबुलेंस पर चालक था। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे वह घर पहुंचा और खुद को कमरे में बंद कर लिया। कुछ देर बाद पड़ोसियों को गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो सोनू का खून से लथपथ शव पड़ा था। उसने ठोड़ी के नीचे खुद को गोली मारी थी। सूचना पर सीओ अनुज मिश्रा और इंस्पेक्टर एनएस सिरोही मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तमंचा कब्जे में ले लिया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। बचपन में ही सोनू की मां ओमबीरी की मौत हो गई थी, जिसके बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। बताया जा रहा है कि सोनू दो-तीन दिन से परेशान था। सीओ ने बताया कि गृह क्लेश के चलते आत्महत्या का मामला सामने आया है। जांच की जा रही है।