-हिसावदा के गामीणों ने डीएम से शिकायत कर तालाब की जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। हिसावदा गांव में तालाब पर कब्जा करने के मामले में डीएम से शिकायत की, जिसमें ग्रामीणों ने बताया कि गांव के तालाब की भूमि साढ़े 16 बीघा से घटकर सात बीघा रह गई है, जिसका पानी रास्ते में भरने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने डीएम से तालाब को कब्जामुक्त कराने की मांग की।
हिसावदा गांव में रहने वाले राधेकिशन शर्मा, सुरेंद्र, सीताराम, प्रेमप्रकाश समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि तालाब की जमीन पर अतिक्रमण होने के कारण दूषित पानी रास्ते में फैला रहता है। कुछ दिन पहले आधे तालाब की खुदाई कराकर मिट्टी रास्ते में डाल दी गई, जिससे लोगों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने तालाब की पैमाइश कराकर जमीन कब्जामुक्त कराने, पानी निकासी के लिए छोटे पाइप की जगह बड़े पाइप लगाने और बरसात से पहले मिट्टी हटवाने समेत अन्य समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। शिकायत मिलने पर डीएम ने सीडीओ को समस्या का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर रामवीर, सतवीर, विजय यादव, भूलेराम, विनोद शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।