-मवीकलां के जंगल में पैमाइश में साफ नहीं हुई स्थिति, दोबारा जाएगी टीम
फोटो 10
संवाद न्यूज एजेंसी
बालैनी। मवीकलां गांव के जंगल में वन विभाग की जमीन पर कब्जा होने का आरोप लगाया गया। इस पर बड़ौत तहसील और वन विभाग की टीम ने मवीकलां गांव के जंगल में पहुचंकर पैमाइश की, लेकिन स्थिति साफ नहीं हो पाई। अब राजस्व और वन विभाग की टीम दोबारा पैमाइश करेगी।
मवीकलां गांव के रहने वाले कुछ लोगों पर वन विभाग की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों से शिकायत की गई। इस पर संज्ञान लेकर बड़ौत तहसीलदार अमन चंद वर्मा के नेतृत्व में राजस्व और वन विभाग की टीम पैमाइश करने के लिए मवीकलां गांव के जंगल में पहुंची। जहां उन्होंने जमीन की पैमाइश शुरू की, लेकिन वन विभाग की जमीन पर कब्जा किए जाने की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई। तहसीलदार अमन चंद वर्मा और वन रेंजर रविकांत राणा ने बताया कि वन विभाग की जमीन पर कब्जा किए जाने की शिकायत पर पैमाइश शुरू कर दी गई है। अभी तक कब्जा नहीं मिला। दोबारा पैमाइश कराई जाएगी, जिसमें कब्जा मिलने पर कब्जामुक्त कराया जाएगा। साथ ही कब्जाधारकों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। इस दौरान कानूनगो मुकेश चौधरी, लेखपाल रामपाल यादव, वीरेंद्र बैसला, मुकुल तेवतिया मौजूद रहे।