बागपत। हापुड़ में लाठीचार्ज के विरोध में बृहस्पतिवार को अधिवक्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंका, जहां उन्होंने लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में एकत्रित होकर लाठीचार्ज की घटना में शामिल पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने नारेबाजी करते हुए एसपी आवास के बाहर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। जहां पूर्व अध्यक्ष संजय तोमर और पूर्व महामंत्री संदीप ठाकुर ने हापुड़ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। इस मौके पर अजीत सिंह, मनीष विश्वकर्मा, विजय तोमर समेत अन्य मौजूद रहे।
देश में बिगड़ रहे हालात, सीमा पर हो रहे कब्जे : मेहराजुद्दीन
बागपत। कचहरी परिसर में रालोद के पूर्व युवा अध्यक्ष श्रीकांत धामा के चैंबर पर पूर्व मंत्री और रालोद नेता डा. मेहराजुद्दीन पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हापुड़ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज की घटना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि रालोद अधिवक्ताओं के साथ है और उनके आंदोलन में शामिल रहेगी। उन्होंने कहा कि वेस्ट यूपी के लोगों के लिए उप्र का हाईकोर्ट पाकिस्तान से भी ज्यादा दूर है। उन्होंने वेस्ट यूपी में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश में हालात काफी खराब हो रहे हैं। चीन के सैनिक लद्दाख तक अंदर आ गए हैं और वहां के लोगों को पीट रहे हैं।
-