संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। आचार्य विशुद्ध सागर महाराज ने कहा कि सहज जीवन अपनाने से ही शांति प्राप्त होती है। दिखावा बिल्कुल भी ना करें।
आचार्य श्री बृहस्पतिवार को बड़ौत दिगंबर जैन समाज समिति के तत्वावधान में ऋषभदेव सभागार में आयोजित धर्म सभा को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण से डॉक्टर श्रेयांश जैन द्वारा किया गया। जिसके बाद में चित्र अनावरण महिला महासभा द्वारा किया गया। आचार्य श्री को श्रीफल और पाद प्रक्षालन श्री 1008 अजित नाथ मंदिर मंडी कमेटी द्वारा किया गया। दीप प्रज्ज्वलन प्रवीण जैन, अतुल जैन, सुनील जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर आचार्य विशुद्ध सागर महाराज ने कहा कि जितना सहज जीवन होगा, उतनी ही शांति मिलेगी। इसलिए आप आनंद से जीना चाहते हैं, तो सहजता का जीवन जिएं। जितना आप दिखावा करेंगे, उतना अशांत होते जाएंगे।
उन्होंने कहा कि एक युवा मध्यम वर्ग का है, पर वह दिखावा करके अपने आपको धार्मिक बताना चाहता है, मात्र दूसरों को आकर्षित करने के लिए। झूठे आकर्षण की अपेक्षा आप अपनी अच्छाइयों, गुणों से किसी को प्रभावित करते तो श्रेष्ठ होता। जिससे आकर्षित होने वाला हमेशा आपसे आकर्षित ही रहता। जब कोई गुणों से आकर्षित होता है, तो फिर वह किसी भी स्थिति में हमसे दूर नहीं होता है। धर्म सभा में अशोक जैन, रिंकू जैन, सुभाष जैन, सुनील जैन, जिनेंद्र जैन, राजकुमार जैन आदि काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।