संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। चांदीनगर थाने में दर्ज हत्या के मुकदमे में न्यायाधीश ने हत्या की धारा में आरोपी को दोषमुक्त कर दिया, जबकि दुर्घटना करने पर दोष सिद्ध होने पर दो साल की सजा सुनाई। साथ ही साढ़े छह हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया।
विशेष लोक अभियोजक इंद्रपाल सिंह ने बताया कि वर्ष 2019 में चमरावल गांव के अजीत की मौत हो गई थी। जिसमें मृतक के भाई अमित ने गांव के ही पीकअप चालक गौरव के खिलाफ हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया। हत्या के मुकदमे की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र न्यायालय विशेष एससीएसटी में हुई। जहां सुनवाई पूरी होने पर न्यायाधीश ने हत्या की धारा में गौरव को दोषमुक्त कर दिया, जबकि दुर्घटना करने पर गौरव को दो साल की सजा सुनाई गई।
ढाका संचालक ने टोल प्रबंधक को पीटा, हफ्ता वसूली की धमकी दी
संवाद न्यूज एजेंसी
बालैनी। मेरठ-बागपत हाईवे पर टोल मांगने पर ढाबा संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर टोल प्रबंधक की पिटाई कर दी। साथ ही हफ्ता वसूली नहीं देने पर धमकी भी दी। जिसमें तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
टोल प्लाजा के प्रबंधक अंकुश अहलावत ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात एक ट्रक चालक टोल देने से मना करने लगा। तभी शोर शराबा सुनकर वह भी पहुंच गया। बताया कि तभी टोल के समीप ढाबा चलाने वाला सोनू यादव अपने साथियों के साथ वहां आ गया और उन पर लाठी डंडों से हमला कर घायल कर दिया। आरोप लगाया कि ढाबा संचालक ने टोल पर मनमानी चलाने की धमकी दी और हफ्ता भी मांगा। साथ ही हफ्ता नहीं देने पर धमकी भी दी गई। उधर शोर मचाने पर अन्य कर्मचारी वहां आ गए। जिसके बाद हमलावर वहां से भाग गए। पूरी घटना टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। थाना प्रभारी प्रदीप ढौडियाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर ढाबा संचालक समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ढाबा संचालक के साथियों की पहचान की जा रही है।
दो युवकों ने महिला को पीटकर घायल किया
रमाला। असारा गांव की रहने वाली आरिफा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शुक्रवार दोपहर को अपने घर के आंगन में बैठी हुईं थी। तभी गांव के ही दो युवक लोग उसके घर के सामने खड़े होकर गालियां देने लगे। उसने घर के बाहर गाली देने से मना किया तो उसे भी गालियां दी गई और मारपीट कर घायल कर दिया। परिजनों के आने पर हमलावर धमकी देते हुए भाग गए। उधर पुलिस ने बड़ौत सीएचसी में महिला का उपचार कराया। इस मामले में थाना प्रभारी शिवदत्त का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
वन स्टॉप सेंटर भेजी युवती, आरोपी जेल
बागपत। छपरौली क्षेत्र के एक गांव से अपहृत होने वाली शामली जिले की युवती को पुलिस ने जयपुर से बरामद करने के बाद वन स्टॉप सेंटर में भेज दिया। जिसके बाद शुक्रवार को युवती के बयान न्यायालय में दर्ज नहीं कराये जा सके। उधर युवती के अपहरण के आरोपी को पुलिस ने पहले ही जेल भेज दिया था। इस मामले में थाना प्रभारी रवि रतन सिंह ने बताया कि युवती के बयानों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की
बागपत। अशरफाबाद थल गांव की रहने वाली शबनम ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि 400 रुपये के विवाद में पांच साल पहले उस पर हमला कर दिया गया था। जिसमें उसका गर्भपात हो गया था। आरोप लगाया कि रमाला थाने में मुकदमा दर्ज कराने के बाद भी अभी तक आरोपी गिरफ्तार नहीं किये गये। आरोप लगाया कि अभी तक उसके बच्चे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी नहीं दी गई। महिला ने एसपी से आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।