बिनौली। कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर युवती की आपत्तिजनक वीडियो बनाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी डीके त्यागी ने बताया कि क्षेत्र की एक युवती अपने घर जाने के लिए बिनौली बस स्टैंड पर खड़ी थी। इस दौरान एक कार चालक ने उसे गांव छोड़ने की बात कह कार में बैठा लिया। आरोप है कि कार चालक ने उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला कर बेहोश कर दिया और उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल कर दी। युवती ने इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी कार चालक नितिन पुत्र धर्मबीर उर्फ पप्पू निवासी फजलपुर को कार सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसका चालान कर दिया।