युवक को जहर देकर मारने का आरोप, रिपोर्ट दर्ज
बिनौली। जौहड़ी गांव निवासी महिला ने पड़ोस की दो महिलाओं सहित तीन पर अपने पुत्र को जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जौहड़ी निवासी रेखा पत्नी पद्म शर्मा उर्फ विनोद ने थाने पर दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि एक मई को उसका पुत्र आशीष उर्फ आशु (25) वर्ष पड़ोस के ही सतेंद्र पुत्र शिवचरण के यहां खेत पर गन्ना बुवाई करवाने गया था। जहां से उसे सूचना मिली कि उसके पुत्र की जहरीले पदार्थ के सेवन करने से हालत बिगड़ गई है। गंभीर हालत में उसे बड़ौत के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने सतेंद्र व उसकी पत्नी कोमल व मां जगवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर डीके त्यागी का कहना था कि मृतक परिजनों ने पोस्टमार्टम नही कराया था। मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का है। फिर भी घटना की गहनता से जांच की जा रही है। संवाद