30 हजार रूपये हड़पने का आरोप
बागपत, खेकड़ा। एक व्यक्ति ने एक युवक पर पुलिस से कार्रवाई कराने के नाम पर उससे 30 हजार रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
खेकड़ा की लाइनपार बस्ती के रहने वाले इसरार मोहम्मद ने शनिवार को थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि 28 नवंबर 2021 को पड़ोस के रहने वाले एक युवक ने उसके साथ मारपीट की थी। तभी उसने आरोपी युवक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उस दौरान खेकड़ा के ही एक युवक ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराने के लिए उससे 30 हजार रुपयेे लिए थे। पीड़ित ने पुलिस से मारपीट करने वाले आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही पुलिस के नाम पर रुपये लेने वाले युवक से रुपये वापस दिलवाने की मांग की है।
सीओ विजय चौधरी का कहना है कि मामले की जांच कराकर दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।