बागपत। ब्लाक की बोर्ड बैठक में बीडीसी के फर्जी हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाकर सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। ब्लाक प्रमुख सुनीता और बीडीओ ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों को समझाकर शांत किया। रजिस्टर में कराये गये हस्ताक्षरों का सत्यापन करने को लेकर बीडीओ और जिला पंचायत ( जिपं) सदस्य के बीच भी नोकझोंक हुई। कई ग्राम प्रधानों ने ब्लाक की बोर्ड बैठक का बहिष्कार कर दिया।
ब्लाक के सभागार में बृहस्पतिवार को बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। बोर्ड बैठक शुरू होते ही क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों के रजिस्टर पर हस्ताक्षर कराए गए। जहां बीडीओ अनुज मिश्रा ने हस्ताक्षर करने वाले क्षेत्र पंचायत सदस्यों का सत्यापन करना शुरू किया, जिस पर जिला पंचायत सदस्य रविंद्र ने आपत्ति जताई। जिसको लेकर बीडीओ और जिपं सदस्य के बीच नोकझोंक हो गई। उधर, खेड़ा इस्लामपुर गांव के प्रधान भीम, फतेहपुर पुट्ठी प्रधान मंजू तोमर, हमीदाबाद गांव की प्रधान ने बोर्ड बैठक का बहिष्कार कर बिना सूचना दिए बैठक करने का आरोप लगाया। हमीदाबाद प्रधान अंजली चौधरी ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों के फर्जी हस्ताक्षर करने का भी आरोप लगाया। जिसको लेकर बोर्ड बैठक में हंगामा हो गया।
-
दो करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति मिली
ब्लाक की बोर्ड बैठक में दिरभर हंगामा चलता रहा। जहां हंगामे के बीच 28 विकाय कार्य कराने का प्रस्ताव पास किया गया। जिस पर दो करोड़ रुपये से अधिक बजट खर्च किया जाएगा।
-
बीडीओ बोलीं, सही हैं सभी हस्ताक्षर
बोर्ड बैठक में हंगामा बढ़ने पर बीडीओ सुनीता वाल्मीकि ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों को समझाकर शांत कराया। उन्होंने सभी हस्ताक्षरों को सही बताकर अपने क्षेत्र के विकास कार्य के प्रस्ताव मांगे।
वर्जन-
मेरे क्षेत्र में ब्लाक की निधि से पिछले तीन साल से कोई कार्य नहीं कराया गया है। बोर्ड बैठक में क्षेत्र में विकास कार्य के लिए प्रस्ताव दिए गए। कुछ लोग फर्जी हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे थे, जबकि ऐसा कुछ नहीं हुआ। रविंद्र, जिपं सदस्य।
-बोर्ड बैठक में कोई भी फर्जी हस्ताक्षर नहीं कराया गया। रजिस्टर में कराये गये हस्ताक्षरों का सत्यापन भी कराया गया। बैठक में दो करोड़ रुपये से 28 विकास कार्य कराने के प्रस्ताव स्वीकृत किए गए। -अनुज मिश्रा, बीडीओ