बागपत : फतेह मोहम्मद का फाइल फोटो।
- फोटो : BAGHPAT
बालैनी (बागपत)। मेरठ-बागपत हाईवे पर बालैनी टोल प्लाजा पर कैंटर की टक्कर से बाइक सवार गांव डौला निवासी किसान फतेह मोहम्मद (35), पत्नी तबस्सुम (32), बेटी इलमा (8), इकरा (6), मायरा (2) की मौत हो गई। ट्रैफिक नियमों की अनदेखी इस बड़े हादसे की वजह बन गई और हादसे में परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। परिवार में अब नौ साल की बच्ची फरहा बची है, जो घर पर थी।
किसान फतेह मोहम्मद की सिवालखास में ससुराल है। फतेह मोहम्मद रविवार दोपहर बाइक पर पत्नी व तीन बच्चियों को लेकर ससुराल में गया था और हादसे के वक्त रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे वहां वापस अपने गांव लौट रहा था। बालैनी में टोल प्लाजा के पास वह एक ट्रक को ओवरटेक कर रहा था, इसी दौरान सामने से गलत दिशा में आए कैंटर ने बाइक सवारों को रौंद दिया। फतेह मोहम्मद की पत्नी तबस्सुम सात माह की गर्भवती थी। हादसे के बाद चालक कैंटर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया है। पुलिस शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि सडक़ हादसे में पांच लोगों की मौत हुई हैं और पुलिस कैंटर चालक का पता लगाने में जुटी है।
बागपत : तब्बसुम का फाइल फोटो।- फोटो : BAGHPAT
बागपत : इकरा का फाइल फोटो।- फोटो : BAGHPAT