रटौल में युवक पर किया घायल, तहरीर दी
खेकड़ा (बागपत)। क्षेत्र के गांव रटौल निवासी दिलशाद सोमवार को सुबह करीब दस बजे घायलावस्था में परिजनों के साथ कोतवाली में पहुंचा। वहां उसने दी तहरीर में कहा वह गांव में घड़ी की दुकान करता है। उसके पैतृक मकान पर एक व्यक्ति जबरन कब्जा करना चाहता हैं। पूर्व में भी कई बार गाली गलौज मारपीट हो चुकी है। वह कई बार रटौल पुलिस चौकी में उसकी शिकायत भी कर चुका है, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि शनिवार को रात में करीब आठ बजे आरोपी ने अपने परिवार के साथ मिलकर लाठी-डंडों एवं सरिया से हमला कर उसे घायल कर दिया। साथ ही एक महिला ने उसकी अंगुली भी चबा दी। पीड़ित ने पुलिस से हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायल का सरकारी अस्पताल में इलाज कराकर मामले की जांच शुरू कर दी।