बड़ौत। नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में पुनरीक्षित बजट वित्तीय वर्ष 2014-15 पेश किया। इसमें प्रस्तावित व्यय से आय अधिक है और 6.78 करोड़ रुपये का लाभ होने की संभावना है। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक अध्यक्ष कृष्णपाल मलिक की अध्यक्षता और अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी के संचालन में हुई। इसमें नगर पालिका बड़ौत का पुनरीक्षित बजट वित्तीय वर्ष 2014-15 पेश किया। जो घाटे का नहीं है और प्रस्तावित व्यय से आय अधिक है और बजट संतुलित है। इसमें जिन शीर्षकों से आय और व्यय का प्रावधान बढ़ाया या घटाया है, इसका कारण भी यथा स्थान पर स्पष्ट किया है। वर्ष 2014-15 में पालिका परिषद की आय के रूप में निजी स्रोतों से 6.36 करोड़ रुपये, नगरीय जल निकासी योजना निधि और नगरीय नया सवेरा विकास योजना ब्याज रहित ऋण 4 करोड़ रुपये, 13वां वित्त आयोग, राज्य वित्त आयोग अनुदानों के रूप में 17.98 करोड़ रुपये आय होने की संभावना है। एक मार्च 2014 के प्रारंभिक अवशेष 9.13 करोड़ रुपये का सम्मलित कर वित्तीय वर्ष 2014-15 में कुल 37.11 करोड़ की आय संभावित है और वित्तीय वर्ष में इस आय के प्रावधान को ध्यान में रख वर्ष 2014-15 में 33.33 करोड़ रुपये का व्यय अनुमान आंका है और वर्ष की समाप्ति पर 6.78 लाख रुपये का लाभ होने का प्रावधान रखा है। इसमें मांगे राम जैन, शान मोहम्मद कुरैशी, विनोद कुमार, विशाल जैन, नगेंद्र तोमर, सविता चौहान, जैनब मलिक, नर्मदा शर्मा, चंद्रबीरी राठी, फरजाना आदि रहे।