बागपत। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कराए गए सर्वे में जिले में 9247 बच्चे टीकाकरण से वंचित मिले हैं। अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को विशेष टीकाकरण अभियान चलाकर छूटे बच्चों का टीकाकरण कराया जाएगा।
सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि जिले में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों का सर्वे कराया गया था। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने घर-घर जाकर बच्चों का सर्वे किया था। सर्वे में जिले में 9247 बच्चे टीकाकरण से वंचित मिले हैं। सोमवार को जिले में तीन चरणों में पखवाड़ों का आयोजन कर छूटे बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा।
इसमें नौ जनवरी से 20 जनवरी तक शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को एमआर की दो डोज एवं अन्य टीको से छूटे हुए बच्चों को वैक्सीन लगाई जाएगी। विशेष टीकाकरण पखवाडे़ के प्रथम चरण में बच्चों को आठ जानलेवा बीमारियों से बचाव का टीकाकरण किया जाएगा।
टीकाकरण को सफल बनाने के लिए ब्लॉक व जनपद स्तर पर प्रतिदिन समीक्षा बैठक कर टीकाकरण की जानकारी लेकर कमियों का निराकरण किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधान, राशन डीलर व नगरीय क्षेत्र में सभासद, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से यूनीसेफ. डब्लूएचओ का भी सहयोग लिया जाएगा।