पौधरोपण के लिए 3.42 लाख स्थानों पर खोदे गए गड्ढे
बागपत। जिले में 15 अगस्त तक 4.15 लाख पौधरोपण करने का लक्ष्य है। इसके लिए 28 विभागों को पौधरोपण की जिम्मेदारी और लक्ष्य का आवंटन किया गया है। अभी तक 3.42 लाख स्थानों पर गड्ढे खोदे जा चुके हैं। गौरतलब है कि पौधरोपण में दिलचस्पी नहीं लेने के कारण 10 विभागाध्यक्षों को सीडीओ पीसी जायसवाल नोटिस भी जारी कर चुके हैं। सीडीओ पौधरोपण की प्रगति पर हर रोज रिपोर्ट तलब कर रहे हैं। विभागवार लक्ष्य के अनुसार गड्ढे खोदने और पौधरोपण के बारे में जानकारी ली जा रही है। जिले में इस बार 4.15 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है। इसके अनुरूप 28 विभागों ने 3.42 लाख स्थानों पर पौधे लगाने के लिए गड्ढे खुदवा दिए हैं। इनमें से काफी संख्या में पौधरोपण भी हो चुका है। सीडीओ पीसी जायसवाल ने बताया कि 15 अगस्त तक लक्ष्य के करीब पहुंच जाएंगे। इस बार लोगों में पौधरोपण के प्रति उत्साह नजर आया है। वन विभाग से किसानों से लेकर सामाजिक संगठन और अन्य गांव के लोग पौधे लगाने के आवेदन कर रहे हैं। पौधेरोपण अभियान में बड़ौत, छपरौली और बिनौली ब्लॉक काफी पीछे है। वे वन विभाग से पौधे लेने में काफी पिछड़े हुए हैं। परियोजना निदेशक एमएल पटेल ने तीनों ब्लॉकों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।