बड़ौत (बागपत)। नगरवासी काफी दिनों से जाम की समस्या से जूझ रहे हैं। हाल में सड़कों पर लगे डिवाइडरों के दोनों और वाहनों की पार्किंग से यह स्थिति विकट होती जा रही है। इससे जाम लग जाता है, लेकिन पुलिस प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। लोगों का कहना है कि कई बार सामाजिक संस्थाओं और अन्य लोगों ने प्रशासन से जाम से निजात दिलाने की मांग की, लेकिन कुछ नहीं हुआ। फूंस वाली मस्जिद से लेकर संजय मूर्ति तक और नया बाजार में पंचवटी मंदिर तक डिवाइडर के दोनों और जुगाड़, कार, ट्रैक्टर-ट्राली व अन्य वाहन खड़े किए जाते हैं, जिस कारण जाम की स्थिति और विकट हो गई है, लेकिन पुलिस-प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इस संबंध में एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी ने बताया कि वे इस संबंध में पुलिस को लिखेंगे और चुनाव के बाद जाम की स्थिति से निपटने के लिए योजना तैयार की जाएगी।