बड़ौत (बागपत)। बावली गांव के पास एक प्राइवेट बस ने कार में साइड मार दी, इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। इससे क्षुब्ध कार चालक व उसमें बैठे लोगों ने बस को रोककर हंगामा शुरू कर दिया, इस कारण 15 मिनट हाईवे जाम रहा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। लोनी निवासी अशोक शनिवार को अपने परिवार के साथ कार में बैठ कर लोनी से शामली जा रहे थे। बावली गांव के पास शामली की ओर से आ रही एक मिनी बस ने पैदल चल रहे एक व्यक्ति को बचाने के चक्कर में कार में साइड मार दी। जब कार चालक अशोक ने इसका विरोध किया तो बस चालक ने गाली गलौच शुरू कर दी। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई और दिल्ली-सहारनपुर हाईवे मार्ग अवरुद्ध हो गया। वहां से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना 100 नंबर पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामले को समझा बुझाकर शांत किया।