रमाला (बागपत)।
ककड़ीपुर गांव के सिपाही की होनहार बेटी ने इंडियन नेवी में लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। गांव में उनका जोरदार स्वागत किया। कड़ीपुर निवासी अशोक पंवार यूपी पुलिस में नोएडा में तैनात है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी अक्षि पंवार का जुलाई 2017 में इंडियन नेवी में लेफ्टिनेंट के पद पर चयन हुआ । अक्षि ने चेतना इंटर कॉलेज किशनपुर बराल से हाईस्कूल और सहारनपुर के डीएवी इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की शिक्षा ग्रहण की। पिता ने बताया कि 26 मई को अक्षि की पासिंग आउट होने के बाद वह रविवार को गांव में पहुंची। जहां ग्रामीणों ने उसका स्वागत किया। इस मौके पर आजाद प्रधान ने कहा कि अक्षि ने गांव का ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अक्षि ने कर दिखाया कि बेटी बेटों से कही कम नहीं है। इस दौरान सत्य सिंह, प्रमेंद्र, सुमेर सिंह, महक सिंह, तेजपाल, ओमवीर, शीशपाल, देवेंद्र मौजूद रहे।