दोघट (बागपत)। जनता इंटर कॉलेज, पलड़ी में चल रहे तीन दिवसीय स्काउट एंड गाइड शिविर का सोमवार को समापन हो गया। समापन समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य समर सिंह ने कहा पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक ज्ञान भी आवश्यक है। शारीरिक, नैतिक शिक्षा के बिना छात्र-छात्राओं का सर्वांगीण विकास नहीं हो सकता। आर्यवीर दल के प्रशिक्षक रामगोपाल आर्य ने कहा किताबी ज्ञान के अलावा भी दुनिया में बहुत ज्ञान है। शारीरिक शिक्षा के बिना मानव अधूरा है। यदि हमें स्वस्थ रहना है और जीवन को सफल बनाना है तो शिविर में सिखाए गए सभी नैतिक, शारीरिक और बौद्धिक स्तर को अपने जीवन में अपनाना होगा। शिविर में स्काउट एंड गाइड अध्यापक ओमप्रकाश ने नियम प्रतिज्ञा, गांठ बांधना, बीपी 6, इंडे के संकेत, तंबू निर्माण, पिरामिड बनाना, गीत आदि का प्रशिक्षण दिया। इस मौके पर सतीश कुमार, अजय शर्मा, श्याम सिंह, अंकुर कुमार, प्रवीण कुमार आदि रहे।