हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत
बागपत। बागपत-मेरठ मार्ग पर अग्रवाल मंडी टटीरी के पास ट्रक के कुचलने से घायल हुए बाइक सवार प्रवीन की मेरठ अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
लधवाड़ी गांव निवासी जतन ने बताया कि उसका भाई प्रवीन, हरियाणा में प्राईवेट नौकरी करता था। प्रवीन चौहल्दा गांव में अपनी रिश्तेदारी में गया हुआ था। बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे बाइक पर अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह कस्बा अग्रवाल मंडी टटीरी में चौहल्दा गांव के मोड़ पर पहुंचा तभी सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक को कुचल दिया था। वह गंभीर रुप से घायल हो गया था। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया था। वहां पर उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा दिल्ली-यमुनौत्री हाईवे स्थित गौरीपुर मोड़ के पास दो बाइकों की आपस में भिड़ंत हो गई। बाइक सवार सुमित निवासी डौला और अनिल निवासी बड़ौत घायल हो गया। राहगीरों ने उन दोनों का निजी चिकित्सक से उपचार कराया।